शनिवार को उत्तर प्रदेश में दूसरे दौर के चुनाव में 56 फीसदी लोगों ने वोट दिया. कुल मिला कर मतदान शांति पूर्ण रहा. दो मुख्यमंत्रियों, 31 एमएलए, 24 पूर्व मंत्रियों सहित 1,098 उम्मीदवारों की किस्मत इसी के साथ ईवीएम में बंद हो गई है. दूसरे दौर में उत्तर प्रदेश की 59 सीटों के लिए मतदान हुआ, जिनमें संत कबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देओरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर जिले शामिल हैं.
सीरिया की राजधानी दमिश्क में रविवार को सेना के एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना के मुताबिक सेना के ब्रिगेडियर जनरल इसा इल खोउली को हथियारबंद आतंकवादियों ने उनके घर के बाहर गोली मार दी. खोउली सैन्य अस्पताल के निदेशक थे. सीरिया में बीते 11 महीने से राष्ट्रपति बशर अल असद के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं. खोउली इन प्रदर्शनों में मारे गए अब तक के सबसे बड़े सैन्य अधिकारी हैं. ज्यादा हिंसा दमिश्क और अलेप्पो शहर के आस पास हो रही है. होम्स शहर में सेना प्रदर्शनकारियों पर आए दिन हमले कर रही है. होम्स में बीते दो दिन में सेना की बमबारी में कम से 54 लोगों के मारे जाने की खबर है.
भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 2जी स्पेक्ट्रम के लाइसेंस के मुद्दे पर कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्रियों से बातचीत की है. कुछ ही दिन पहले भारतीय सुप्रीम कोर्ट ने 2008 में आवंटित किए गए सभी 122 2जी लाइसेंस रद्द कर दिए. शनिवार को मनमोहन ने मंत्रियों के साथ सुप्रीम कोर्ट के फैसले से टेलीकॉम उद्योग पर पड़ने वाले प्रभाव पर चर्चा की. बैठक में वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, गृह मंत्री पी चिदंबरम, टेलीकॉम मंत्री कपिल सिब्बल और कानून मंत्री जीई वाहनवती भी शामिल थे.
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नाशीद भारत के रुख के नाखुश हैं. नाशीद के मुताबिक भारत समस्या की असली जड़ समझ ही नहीं पाया है. 44 साल के नाशीद ने मंगलवार को अचानक पद से इस्तीफा दे दिया. तब उन्होंने कहा कि वहीद हसन को राष्ट्रपति बनाने के इरादे से वह पद से हटे हैं. हालांकि बाद में नाशीद ने कहा कि उनसे बंदूक की नोंक पर इस्तीफा लिया गया. शनिवार को नाशीद ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा, "हम विचार और भरोसे के साथ हैं भारत मालदीव की स्थिति से अच्छी तरह वाकिफ है और उसके पास फैसला करने के लिए जरूरी जानकारी और खुफिया सूचना है." नाशीद के मुताबिक जब उन्हें पता चला कि भारत को मालदीव की स्थिति के बारे में अच्छे ढंग से जानकारी ही नहीं है, तो उन्हें निराशा हुई. भारत सरकार के विशेष दूत एम गणपति इस वक्त मालदीव में हैं. नाशीद ने गणपति को अपने रुख से अवगत कराया है.
पाकिस्तान की अदालत ने मुंबई हमलों के सात आरोपियों की सुनवाई 14 फरवरी तक टाल दी हैं. चूंकि मामले में पूछताछ करने के लिए पाकिस्तानी न्यायिक कमीशन का भारत जाने का कार्यक्रम आगे बढ़ गया है इसलिए सुनवाई भी फिलहाल रोक दी गई है. मुख्य अभियोक्ता चौधरी जुल्फिकार अली ने आतंकवाद निरोधी अदालत को बताया कि पाकिस्तान के अधिकारी भारत से नई तारीख का इंतजार कर रहे हैं. वैसे तो भारत सरकार ने कहा था कि कमीशन पहली से 10 फरवरी तक कभी भी भारत आ सकता है लेकिन कई कारणों से यह यात्रा नहीं हो सकी.
लंदन में एमबीए की पढ़ाई कर रहे एक भारतीय छात्र को किसी ने चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. स्कॉटलैंड यार्ड ने कहा है कि न्यूहैम में हुई इस घटना के मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया. भारतीय मीडिया ने घायल छात्र की पहचान प्रवीण रेड्डी के तौर पर की है. पुलिस ने अपने बयान में कहा कि शुक्रवार को एक युवक को न्यूहैम के जनरल अस्पताल में दाखिल किया गया है. "ग्यारह लोगों को पकड़ा गया था और चार को हिरासत में रखा गया है. बाकी सात लोगों को जमानत दे दी गई है."
हिन्दी सिनेमा के मेगास्टार अमिताभ बच्चन का मुंबई के अस्पताल में सफल ऑपरेशन हुआ. शनिवार को अंधेरी के सेवन हिल्स अस्पताल में अमिताभ का पेट का ऑपरेशन हुआ. 1982 में कुली फिल्म की शूटिंग के दौरान अमिताभ के पेट में चोट लगी थी. पुरानी चोट की ही वजह से यह ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के बाद अस्पताल के प्रवक्ता डॉक्टर अस्थाना ने कहा, "ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि कोई समस्या नहीं है. मिस्टर बच्चन स्वास्थ्य संबंधी सभी महत्वपूर्ण पैमानों पर ठीक हैं. ऑपरेशन से पहले वह अस्पताल परिसर में बने मंदिर गए." ऑपरेशन दो-तीन घंटे चला. अमिताभ के बेटे अभिषेक बच्चन ने कहा, "ऑपरेशन सफल रहा. आज एक छोटी सी सर्जरी थी. अब वह निगरानी में रहेंगे. सब कुछ ठीक रहा तो 2-3 दिन के भीतर उन्हें छुट्टी मिल जाएंगी."