खेल खिलाड़ी | 06.06.2008
यूरो कप के चमकते सितारे
यूरो कप में कुछ नए सितारे उभरेंगे लेकिन जानते हैं उन पांच खिलाड़ियों के बारे में जिन पर सबकी नज़र होगी. इनमें पुर्तगाल के रोनाल्डो, जर्मनी के मिशाइल बालाक और इटली के लूका टोनी शामिल हैं.
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift: क्रिस्टियानो रोनाल्डो
फ़ुटबॉल में लाल जर्सी का जादू जारी रहेगा. पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ज़बरदस्त फ़ॉर्म में हैं और उनका सपना अपने देश को पहली बार यूरो कप ख़िताब जिताने का होगा. मैनचेस्टर यूनाइटेड से जुड़े तेईस साल के रोनाल्डो मौजूदा वक्त के दुनिया के सबसे टैलेन्टेड फ़ुटबॉलर भी कहे जाते हैं. वो दुनिया के सर्वोत्तम युवा खिलाड़ी, फ़ीफ़ा फ़ुटबॉलर ऑफ़ द ईयर और दो बार पीएफ़ए प्लेयर ऑफ़ द ईयर से सम्मानित हो चुके हैं. रोनाल्डो की टीम मैनचेस्टर यूनाइटेड ने इस साल का यूरोपीय लीग मुक़ाबला जीता है. हालांकि ख़ुद रोनाल्डो ने पेनाल्टी मिस कर दी थी. वो इस वक्त दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से हैं और हाल में सिर्फ़ उनके मैनचेस्टर यूनाइटेड क्लब छोड़ने की अफ़वाहों ने पूरे क्लब को परेशान कर दिया था. मिडफ़ील्ड पर गेंद मिलते ही इसे चीते की तरह लेकर भागने में रोनाल्डो माहिर हैं और आख़िरी डी के अंदर तो उनकी कला देखते ही बनती है. फ्री किक लेने में भी रोनाल्डो का जवाब नहीं.
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift: मिशाएल बालाक
जर्मन कप्तान मिशाएल बालाक सितारों से सजी अपनी टीम को 12 साल बाद फिर से ख़िताब पकड़ते देखना चाहेंगे. इंग्लिश फ़ुटबॉल क्लब चेल्सी के स्ट्राइकर बलाक ज़बरदस्त टीम प्लेयर हैं और मुश्किल से मुश्किल मौक़ों पर टीम में जोश भरने में महारत रखते हैं. मज़बूत शॉट और ताक़तवर हेडर के लिए मशहूर बालाक किसी भी गेंद पर गोल करने का मूव बना सकते हैं. वैसे ये बात अलग है कि एक बड़ा ख़िताब जीतने का उनका सपना इक्यासी मैचों बाद भी पूरा नहीं हो पाया है. जर्मनी की टीम वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में बाहर हो गई थी, जबकि चेल्सी इस साल यूरोपीय लीग के फ़ाइनल में पहुंच कर भी ख़िताब नहीं जीत पाई. शायद बलाक जीत के साथ इस बार का यूरो कप अपनी टीम के लिए यादगार बना सकते हैं.
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift: लुका टोनी
विश्व विजेता इटली की टीम को इस बार अपने स्ट्राइकर लुका टोनी से बड़ी उम्मीदें हैं. इकतीस साल के लुका टोनी लगभग पंद्रह साल से फ़ुटबॉल खेल रहे हैं, ये बात अलग है कि उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौक़ा सिर्फ़ चार साल पहले मिला है. पर उन्होंने इस मौक़े का शानदार फ़ायदा उठाया है और जब इटली ने दो साल पहले वर्ल्ड कप जीता तो उसमें लुका टोनी की बेहतरीन भूमिका भी. इस साल वो जर्मनी के बार्यन म्यूनिख टीम से जुड़े, जिसने जर्मनी का क्लब फ़ुटबॉल मुक़ाबला जीत लिया है.
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift: थियेरी ऑनरी
नज़रें फ्रांस के थियेरी ऑनरी पर भी होंगीं. इकतीस साल की उम्र में ऑनरे अपनी टीम के लिए वही करिश्मा कर दिखाना चाहते हैं, जो उन्होंने उनीस सौ अठानबे के वर्ल्ड कप और दो हज़ार के यूरो कप में किया था. दोनों ही जगह फ्रांस की जीत हुई थी. हालांकि उन मौक़ों पर ज़िनेदिन ज़िदान भी टीम में थे. वैसे ऑनरे जब यूरो कप का पहला मैच खेलेंगे, तो ये फ्रांस के लिए उनका सौवां मैच होगा और ज़ाहिर है वो इसे यादगार बनाना चाहेंगे. फ़िलहाल एफ़सी बार्सिलोना क्लब से खेलने वाले ऑनरे बेहद महंगे खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और मैदान के अंदर ठंडे दिमाग़ से खेलने के लिए मशहूर हैं.
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift: डेनियेल गुइज़ा.
इस नाम को कम ही लोगों ने सुना होगा लेकिन स्पेन के इस खिलाड़ी ने इस साल के लीग मुक़ाबलों में सत्ताईस गोल कर के सबको चकित कर दिया है. मयोख़ा क्लब से खेलने वाले गुइज़ा सत्ताईस साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय मैचों में क़दम रख रहे हैं. वैसे स्पेन को इस बार ख़िताब का भी बड़ा दावेदार माना जा रहा है. स्पेन के प्रदर्शन का दारोमदार गुइज़ा पर भी होगा.

























