कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल-3 की शुरुआत जीत के साथ की. उद्घाटन मैच में डेक्कन चार्जर्स को 11 रन से हराया. श्रीलंका के एंगेलो मैथ्यूज़ और शाह जीत के असली नायक रहे. गांगुली ने कहा कि भाग्य से मिली से यह शानदार जीत.
'करबो, लड़बो, जीतबो रे' का नारा बुलंद करने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की आईपीएल में शुरुआत इस बार जीत के साथ हुई. सौरव गांगुली की अगुवाई टीम ने आईपीएल-2 की चैंपियन डेक्कन चार्जर्स को 11 रन से हरा दिया.
कड़े सुरक्षा इंतज़ामों और भव्य उद्धाटन समारोह के बाद डेक्कन के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने टॉस जीता और पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया. गिलक्रिस्ट का फ़ैसला शुरुआत में ही सफल साबित हुआ. उनके गेंदबाज़ों ने कोलकाता के शीर्ष क्रम को तहस नहस कर दिया. पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज़ मनोज तिवारी बिना खाता खोले पैवेलियन लौट गए.
चामिंडा वास की गेंदें क़हर मचा रही थी और कप्तान सौरव गांगुली भी नतमस्तक होकर पहले ही ओवर में बिना रन बनाए पैवेलियन लौट गए. इसके बाद ब्रैड हॉज और चेतेश्वर पुजारा भी सिर हिलाते हुए मैदान से बाहर निकले. छठे ओवर तक कोलकाता के चार बल्लेबाज़ आउट हो चुके थे और स्कोर था सिर्फ़ 31 रन.
इसके बाद क्रीज़ पर इंग्लैंड के क्रिकेटर ओवेस शाह और श्रीलंकाई बल्लेबाज़ एंगेलो मैथ्यूज़ आए और विकेट पर लकीर खींचकर जम गए. दोनों ने आखिरी ओवर तक बल्लेबाज़ी की. दोनों के बीच 130 रन की नाबाद साझेदारी हुई. शाह ने तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से 58 रन बनाए जबकि मैथ्यूज़ ने चार छक्के जड़कर 65 रन ठोंके.
कान न आई पारी
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डेक्कन की शुरुआत गिलक्रिस्ट की तरह ही बेहद आक्रामक हुई. गिलक्रिस्ट के तूफ़ान के चलते टीम ने छठे ओवर की शुरुआत तक ही बिना विकेट खोए 61 रन बना डाले. पहला झटका वीवीएस लक्ष्मण के आउट होने पर लगा. उन्होंने 22 रन बनाए. इस झटके के बाद भी गिली की कप्तानी पारी जारी रही. उन्होंने 35 गेंदों पर 54 रन बनाए लेकिन 12वें ओवर में उनके आउट होते ही टीम लड़खड़ा गई. हर्शेल गिब्स, एंड्र्यू साइमंड्स और रोहित शर्मा जैसे नाम फ़ीके पड़ गए और टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर सिर्फ़ 150 रन ही जोड़ सकी.
मैच के बाद कोलकाता के कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि यह जीत अच्छे भाग्य से कम नहीं है. दादा ने कहा, ''हमें फ़ील्डिंग में सुधार करना है. आज ही हमने गिलक्रिस्ट के दो कैच छोड़े. ख़ैर फिर भी हम भाग्यशाली हैं कि जीत गए.'' गांगुली ने गिलक्रिस्ट की तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने वाक़ई में पसीने छुड़ा दिए थे.
दूसरी ओर हार से निराश गिली ने कहा कि गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी में धमाकेदार शुरुआत के बाद भी टीम गड़बड़ा गई. उन्होंने कहा कि कोलकाता ने सूझबूझ के साथ गेंदबाज़ी की.
रिपोर्ट: एजेंसियां/ओ सिंह
संपादन: ए कुमार