खेल खिलाड़ी | 21.06.2008
रोमांचक जीत के बाद तुर्की सेमीफाइनल में
फुटबॉल का रोमांच क्या होता है, यह बात तुर्की और क्रोएशिया के क्वॉर्टर फाइनल मुकाबले में खूब दिखी. पेनल्टी शूटआउट के बाद नतीजा 3-1 के साथ तुर्की के हक में रहा है. लेकिन उससे पहले हुए खेल का एक एक लम्हा देखने वाला था.
शुक्रवार को विएना में हुए इस मैच में तय वक्त में न तो तुर्की की टीम गोल कर पाई और न ही क्रोएशिया की टीम. फिर एक्सट्रा टाइम में खेल के 119वें मिनट में इवान क्लासनिक के गोल ने क्रोएशिया को बढ़त दिला दी. इस गोल में तुर्की के गोलकीपर की गलती का भी योगदान रहा. तुर्की की टीम इस वक्त खासे दबाव में आ गई. खेल खत्म होने में बस एक ही मिनट बचा था लेकिन तुर्की के सेमी सेनतुर्क ने उस एक मिनट का फायदा उठाया और गोल दागकर स्कोर एक-एक से बराबर कर दिया.
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift: क्रोएशिया के लुका मोदरिक भी पेनल्टी शूटआउट पर गोल करने से चूके
इसके बाद बारी आई पेल्टी शूट आउट की. जिसमें बाजी तुर्की के नाम रही. शुरुआती तीन स्ट्रोक्स में तुर्की अरदा तुरान, सेमीह सेनतुर्क और हामिद अल्तीनतोप के किक निशाने को भेदने में कामयाब रहे जबकि क्रोएशिया की तरफ से लुका मोदरिक और इवान राकीतिक ने फुटबॉल को गोलपोस्ट से बाहर फेंक दिया, जबकि मिलादेन पेट्रिक के स्ट्रोक को तुर्क गोलकीपर रुस्तु रेकबर रोकने में कामयाब रहे. इस तरह तुर्की ने 3-1 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. अब बुधवार को सेमीफाइनल में उसका मुकाबला जर्मनी से होगा.
वैसे क्रोएशिया को खेल के 18वें मिनट में ही गोल करने का मौका मिला था, लेकिन इविका ओली की वजह से वह हाथ से निकल गया. खेल से पहले क्रोएशिया को तुर्की के मुकाबले बेहतर स्थिति में माना जा रहा था क्योंकि तुर्की के कई खिलाड़ी चोटिल थे. ऊपक से उसके कीपर वोलकान डिमायरेल और डिफेंडर मेहमेत आउरेलीओ को पहले ही सस्पेंड चल रहे हैं. फिर भी जीत तुर्की के नाम रही.

























