खेल खिलाड़ी | 29.08.2008
जीतने के लिए भारत को चाहिए 228 रन
भारत के साथ खेले जा रहे पांचवें और आख़िरी वनडे मैच में आखिरी 13 ओवरों में 94 रन बनाते हुए थुशारा और मुबारक ने काफ़ी हद तक श्रीलंका की पारी संभाल ली. थुशारा 54 और मुबारक 47 रनों के साथ अविजीत रहे.
सीरीज़ में पहली बार श्रीलंका को टॉस जीतने का मौक़ा मिला, जिसके बाद पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला लेने में उसे ज़्यादा मुश्किल नहीं हुई. इस पूरी सीरीज़ में पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम ही जीती है.
लेकिन ज़हीर ख़ान ने श्रीलंका के कप्तान महेला जयवर्धने का फ़ैसला दूसरे ओवर में ही ग़लत साबित कर दिया. ख़ान ने धाकड़ बल्लेबाज़ सनत जयसूर्या को सिर्फ़ एक रन पर आउट कर दिया. श्रीलंका की पारी दबाव में आने के बाद संभल संभल कर रन बनाने लगी. 18 ओवर में 80 रन का स्कोर बुरा नहीं होता. लेकिन इसी बीच तीन विकेट जल्दी जल्दी गिरने के साथ ही मेज़बान टीम मुश्किल में है.
इरफ़ान पठान ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई, जब ख़तरनाक होते दिख रहे वर्नपूरा को उन्होंने गौतम गंभीर के हाथों कैच आउट करा दिया. वर्नपूरा ने 44 गेंदों में चार चौकों की मदद से 30 रन बनाए. इसके बाद उदावाते भी ज़्यादा देर नहीं टिक पाए और पठान के शिकार हो गए. उन्होंने छह चौकों की मदद से 43 रन बनाए.
दूसरे विकेट की साझीदारी में 77 रन बनाने वाली श्रीलंकाई टीम जल्दी जल्दी तीन झटके लगने के बाद दबाव में आ गई है. कप्तान जयवर्धने और विकेटकीपर संगकारा ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन संगकारा आरपी सिंह के शिकार हो गए. संगकारा ने सिर्फ़ एक रन बनाया.
पांच वनडे मैचों की शृंखला भारत पहले ही जीत चुका है. उसने पहला वनडे गंवा दिया था, लेकिन बाद के दूसरे, तीसरे और चौथे मैच में जीत हासिल करके सीरीज़ जीत ली है. पांचवें और आख़िरी मैच के लिए श्रीलंका ने अपनी टीम में कुछ बदलाव भी किए हैं. बल्लेबाज़ी मज़बूत करने के लिए वनडे में 400 विकेट लेने वाले चामिंडा वास को आराम दिया गया है.
श्रीलंकाः सनत जयसूर्या, बीएसएम वर्नपूरा, एमएल उदावाते, कुमार संगकारा (विकेटकीपर), महेला जयवर्धने (कप्तान), सीके कापुगेदेरा, जे मुबारक, केएमडीएन कुलासेकरा, टी तुशारा, अजंता मेंडिस, सीआरडी फ़र्नांडो
भारतः गौतम गंभीर, विराट कोहली, सुरेश रैना, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), रोहित शर्मा, इरफ़ान पठान, आरपी सिंह, ज़हीर ख़ान, पीपी ओझा, मुनाफ़ पटेल.

























