1. कंटेंट
  2. नेविगेशन
  3. और जानकारी
  4. मेटानेविगेशन
  5. खोजें
  6. 30 भाषाओं से चुनें



 

 | 07.10.2008 | 03:00 UTC

असम की हिंसा में मरने वालों की संख्या 49 हुई

असम के उदालगुडि़ और दारांग जिलों में बोडो और अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के बीच झड़पों में मरने वालों की संख्या 49 हो गई है. सोमवार को दोनों पक्षों के बीच हुए टकराव में 15 लोग मारे गए. ये हिंसा अब चिरांग जिले तक पहुंच गई है. वहां दंगाइयों ने एक गर्भवती महिला सहित दो लोगों की हत्या कर दी. हिंसा में दो लोग घायल भी हुए. हत्या के विरोध में बोडो प्रदर्शनकारियों ने नैशनल हाइवे 31-सी को जाम किया. इस बीच केंद्र ने अर्द्धसैनिक बलों के 1400 जवानों को हिंसाग्रस्त इलाकों में भेजा है.  अधिकारियों के मुताबिक इस हिंसा के कारण कम से कम 80 हजार लोग अपने घरों को छोड़कर भाग गए हैं. मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने बताया कि मरने वाले 49 लोग में से 15 लोगों की मौत पुलिस फायरिंग से हुई है. अब तक 500 घरों को फूंका गया है और एक लाख लोगों ने राहत शिविरों में पनाह ली है. मरने वालों में ज्यादातर मुस्लिम बांग्लादेशी बताए जाते हैं, पड़ोस में बांग्लेदश से आकर गैरकानूनी रूप से आसाम में बसे हैं.

सांसद के घर पर हमला, 20 की मौत

पाकिस्तान की राष्ट्रीय संसद के एक सदस्य के घर पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं. यह हमला पंजाब प्रांत से पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के सांसद रशीद अकबर नवानी के घर पर हुआ. हमले के वक्त वे बख्खर जिले में अपने घर पर समर्थकों से मिल रहे थे. हमले में नवानी को भी चोटें आई है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभी तक किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, हालांकि अधिकारी मान रहे हैं कि यह हमला भी पड़ोसी सूबा सरहद में शिया और सुन्नियों के बीच जारी लड़ाई से संबंधित हो सकता है. नवानी बख्खर की शिया बिरादरी में काफी सक्रिय रहे हैं. हाल के दिनों किसी राजनेता पर होने वाला यह दूसरा हमला है. इससे पहले उग्रवादियों ने सत्ताधारी गठबंधन में शामिल आवामी नेशनल पार्टी के नेता अफंदयार वली को निशाना बनाने की कोशिश की.

तिब्बत में भूकंप, 9 की मौत

चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने तिब्बत में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या अब 9 बताई है. तिब्बत की राजधानी ल्हासा और उसके आसपास के इलाके में आए दो भूकंपों में पहले कम से कम तीस लोगों के मारे जाने की खबर दी गई थी. अमेरिकी भूगर्भीय सर्वे के मुताबिक इनमें से एक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 मापी गई जबकि दूसरा 5.1 तीव्रता वाला था. शिन्हुआ के मुताबिक लोगों की मौतें पहले वाले भूकंप में हुईं और भूकंप के मुख्य केंद्र के नजदीक घर भी तबाह गए हैं.

दुनिया भर के शेयर बाजार लहूलुहान

वित्तीय संकट को लेकर गहराती चिंताओं के बीच दुनिया भर के शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. सोमवार को न्यू यॉर्क में डाउजोन्स चार साल में सबसे कम 10 हजार से भी कम अंकों पर बंद हुआ. जर्मनी का मुख्य शेयर सूचकांक डाक्स भी उन यूरोपीय बाजारों में था जिनमें कम से कम सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. जबर्दस्त नुकसान को देखते हुए रूस और ब्राजील के शेयर बाजारों में तो कारोबार ही रोक देना पड़ा. पिछले तेरह महीनों में यूरो डॉलर के मुकाबले अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया है. एक यूरो अब 1.35 डॉलर के बराबर है. विश्व आर्थिक मंदी के डर से कच्चे तेल के दाम भी 90 डॉलर से नीचे आ गए हैं. अमेरिका और यूरोप में संकट से निपटने की पूरी कोशिशें हो रही है लेकिन निवेशकों का भरोसा डगमगाया हुआ है.

संकट से निपटने के लिए यूरोपीय संघ ने कमर कसी

27 देशों वाले यूरोपीय संघ के नेताओं ने वित्तीय तंत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए हर संभव उपाय करने का संकल्प लिया है. सभी यूरोपीय देशों की राजधानियों में जारी बयान के मुताबिक संभावित उपायों में केंद्रीय बैंकों से नकदी लेना, कुछ विशेष बैंकों की मदद करना या फिर बैंक में जमा पूंजी पर गारंटी देना शामिल हैं. इस साझा घोषणापत्र में यूरोपीय सदस्यों के बीच तालमेल पर जोर दिया गया है. इससे पहले जर्मनी, आयरलैंड, ऑस्ट्रिया, ग्रीस और डेनमार्क एकतरफा तौर पर बैंक में जमा पूंजी पर गारंटी दे चुके हैं. इस बीच आइसलैंड की सरकार ने कहा है कि वह देश के बैंकों को अपने नियंत्रण में लेने को तैयार है क्योंकि वित्तीय तंत्र ध्वस्त होने के कगार पर है.

एक जर्मन सहित तीन को नोबेल

इस बार चिकित्सा विज्ञान का नोबेल पुरस्कार एक जर्मन और दो फ्रांसीसी वैज्ञानिकों को दिया गया है. स्टोकहोम में नोबेल निर्णायक मंडल ने कहा है कि जर्मनी के वैज्ञानिक हेराल्ड त्सुर हॉज़न को गर्भाशय के कैंसर का कारण पता लगाने के लिए 2008 को प्रतिष्ठित नोबल पुरस्कार से नवाज़ा जाएगा. उनके साथ यह पुरस्कार पाने वाले दो अन्य फ्रांसीसीवैज्ञानिक हैं फ्रैंको बार-ज़िनोसी और ल्यूं मोंटेग्नयां. इन दोनों ने एड्स के वायरस का पता लगाने में अहम भूमिका अदा की.

'एक चौथाई स्तनपाइयों पर मंडराता खतरा'

बढ़ती इंसानी आबादी के कारण दुनिया के एक चौथाई स्तनपायी जीव लुप्त होने के कगार पर हैं. यह बात एक हजार सात सौ विशेषज्ञों के बीच कराए गए एक सर्वेक्षण से सामने आई है. 'रेड लिस्ट' नाम की ताजा सालाना रिपोर्ट में जानवरों के रहने की घटती जगहों और बढ़ते शिकार के कारण उनका अस्तित्व संकट में पड़ गया है. यह रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय प्राकृतिक संरक्षण संघ नाम की संस्था ने तैयार की है.

कुर्द ठिकानों पर तुर्की के हवाई हमले

तुर्की की सेना ने कहा है कि उसने उत्तरी इराक में कुर्दिश विद्रोहियों के छुपने के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. सेना की तरफ जारी बयान के मुताबिक इस कार्रवाई में इस बात का ध्यान रखा गया कि आम लोग निशाना न बनें. शुक्रवार को कुर्द विद्रोहियों ने सेना की एक चौकी पर हमला करके 15 सैनिकों की हत्या कर दी थी. तब से यह तुर्क सेना का विद्रोहियों के खिलाफ दूसरा हमला है. अपनी सेना पर हुए हमले के लिए तुर्की ने कुर्दिश कामगार पार्टी (पीकेके) को जिम्मेदार ठहराया जिसे अलग देश के लिए संघर्ष करते हुए 20 साल से भी ज्यादा हो गए हैं.

हंगरी में रेल हासदा, चार की मौत

हंगरी में सोमवार को हुए रेल हादसे के बाद यातायात मंत्री और रेलवे प्रमुख ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. दो रेलो की इस भिड़ंत में चार लोग मारे गए और 26 जख्मी हो गए. हंगरी की सरकारी समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि यातायात मंत्री पाल स्ज़ाबो और हंगरी की रेल सेवा MAV के मुख्य कार्यकारी इस्तवान हाइनत्सिंगर ने हादसे के बाद इस्तीफा दे दिया है. MAV के प्रवक्ता ने बताया कि यह हादसा राजधानी बुडापेस्ट से 30 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में हुआ. एक ट्रेन गलत सिगनल के कारण धीमी पड़ गई थी.



 
 
आज की तस्वीर
ImageOfTheDay